ए गुज़रे हुए ज़माने तुमसे गुज़ारिश है
मुझे उन लम्हों में वापस ले चलो
जब बिन पंखों के भी उड़ान हुआ करती थी
फ़िर से उड़ान के वही पंख लौटा दो
ताल मृदंग की थाप के बिना ही जब थिरका करते थे
फ़िर से वही मदमस्त पग लौटा दो
समाज के क़ायदे कानून जब समझ से परे होते थे
फ़िर से वही नासमझी का दौर लौटा दो
मुहब्बत जहां दिलों को नज़रों से इक पल में जोड़ देती थी
फ़िर से वही मुहब्बत भरी नज़र लौटा दो
छोटी-छोटी खुशियों पर भी
जश़्न हुआ करते थे
फ़िर से वही उमंगों का दौर लौटा दो
अब और नहीं जीना है इसमें
जहां न उड़ने की तमन्ना
न झूमने की ख़्वाहिश
न मुहब्बत न नज़रों से बातें
इस समझदारी की बेरंग उम्र से वापस ले चलो
ए गुज़रे हुए ज़माने तुम से गुज़ारिश है
मुझे उन लम्हों में वापस ले चलो

