सुन तुझे याद है ना !
हम कैसे भागीरथी के किनारे बैठे हुए गप्पें मारा करते थे
अपनी दिन भर की बेवक़ूफियों पर कितना हंसा करते थे
प्रोफ़ेसर और कॉलेज के किस्सों को दोहराया करते थे
आज मम्मी से इस बात पर डांट पड़ी
आज मम्मी ने इस बात पर गुस्सा किया
कितने मज़े से उन सब बातों को आपस में साझा किया करते थे कितना मज़ा आता था
तुझे याद है ना
कैसे हम शाम को घूमने निकल जाया करते थे
वो आदर्श की चाउमीन , टिक्की वाह !
तुझे याद है ना
तब हमारे अंदर कितना बचपना हुआ करता था
हम कभी-कभी इस बात पर भी हंसा करते थे
कि एक वो भी दिन आएगा जब तेरी और मेरी शादी हो जाएगी और फिर हमारी बातें कुछ इस तरह होंगी
अरे मेरे बच्चे ने तो मुझे बहुत परेशान कर रखा है
पढ़ते नहीं है शैतानी करते हैं
फिर उन्हीं बातों पर हम कितनी देर-देर तक हंसा करते थे
तुझे याद है ना
कितना बचपना था कितनी मस्ती और कितनी शैतानियां
लेकिन वो दिन कितने हसीन थे वो दिन सिर्फ़ दिन नहीं अनमोल पूंजी है बीते हुए पलों की
जो आज हमें अनायास ही ख़ुश होने पर मजबूर करते हैं
वही तो दिन थे जब हम दिल से जीते थे
तुझे याद है ना !

