इंसान को इंसान की नज़र से तोलिये

दो लफ़ज़ ही सही मगर प्यार से बोलिये

अज्ञान अँधेरा छंट सकता है

ज्ञान प्रकाश में ज़रा चक्षुओं को खोलिये


उतार चढ़ाव इक नियम है प्रकृति में आता है तो भक्ति में भी आता है

स्थिरता हो अगर अडिग जीवन में भक्त नहीं घबराता है

भक्त प्रह्लाद मीरा नानक स्थिर रहे विषमता में

स्थिरता सूर्य सी सतगुरु में भी जैसे माँ की ममता में

ज्ञानाभिलाषा से आत्मपरिभाषा को गुरुकृपा से खोलिये

इंसान को इंसान की नज़र से तोलिये, दो लफ़ज़ ही सही मगर प्यार से बोलिये 


जीवन एक तराजू सा है ज्ञान करम दो पलड़ों का जोड़ा है

गुरुमत से करम अगर है वजन न ज्यादा ना थोड़ा है

ज्यों इक कीड़ा तलवार धार पर सहजता से चल जाता है

गुरु के मार्गदर्शन से गुरुसिख मंज़िल को मिल जाता है

दलीलों से तो बातें रद्द होती कर्मो की सनद फरोलिये

इंसान को इंसान की नज़र से तोलिये, दो लफ़ज़ ही सही मगर प्यार से बोलिये 


जीवन और भी प्रखर होता गुरु शिक्षा जीवन में ढल जाए जो

जीवन रथ की बागडोर को सतगुरु को पकड़ाए जो

फूल इत्र सा जीवन महके सद्गुणों को अपनाये जो

कर्म विषय कर्म फल बंधन अग्नि में जल जाए जो

सेवा सत्संग सुमिरन के अभ्यास से लाखों बंधन मुक्त हो लिए

इंसान को इंसान की नज़र से तोलिये, दो लफ़ज़ ही सही मगर प्यार से बोलिये