ये रक्तरंजित सूर्य!
अपना कर्तव्य निभाते हुए
संपूर्ण ऊर्जा लगाए
दिन भर तप रहा था,
अभी कितना शांत है!!
तुम भी ऐसे ही हो
दिन भर संघर्ष में तपकर
शाम को शिथिल पड़ जाते हो।
बनना भी चाहिए
सूर्य की ही भांति
जो हर शाम
अस्ताँचल की ओर प्रस्थान करता
अशक्त सा हो जाता है।
और शायद यही कारण है
कि इतना सुंदर है,
यह रक्तरंजित सूर्य।
क्योंकि यह थककर आया है,
पर बस आज के लिए!!
क्योंकि अगली सुबह
असीम ऊर्जा लिए,
ये फिर से निकलेगा;
अपना कर्तव्य निभाने।।
एक तप्त दिन के बाद,
नई शीतल शाम की सुंदरता बढ़ाने!!!


