इस सुनसान अंधेरे में सामने पड़ा 'कोरा कागज़' चमक सा रहा है।
मानो घूरकर कह रहा हो मुझसे
देखता क्या है? कुछ लिख........
पर मैं लिखूं तो क्या लिखूं?
ज़िक्र करूं तो किसका करूं?
क्या वो नाम लिख दूं जिसे परिभाषित करने का हुनर अब तक खोज रहा हूं?
या ज़िक्र करूं उस रकीब का जो आ जाता है न जाने कहां से मेरी चाहत के आड़े?
क्या ख़्वाब-ए-मुश्तक़बिल ज़ाहिर करूं अपने?
या नुमाइश में लगा दूं अपनी तकदीर के नाकामयाब किस्से?
चाहत तो है कि कुछ लिखूं,
किसी ख़ास के लिए
जिंदगी का हर किस्सा, हर तजुर्बा,
हर इक ख़्वाब उकेर दूं
मेरे 'दिल' के जैसे एक 'कोरे कागज' पर!
पर क्या वो पहुंचेगा उस तक!!
जिसे जानता तक नहीं अब-तलक!!!!
क्या इक 'कोरा कागज़' ला पाएगा उस खास को मुझ तक?

