जुगनुओ से आफ़ताब बनाता रहा हूँ मैं
दबी साँस से हर रिश्ता निभाता रहा हूँ मैं
जो कर रहा है अब मेरी इज़्ज़त को तार तार
उसकी हर बात पे पर्दा गिराता रहा हूँ मैं
मेरे काँपते हाथों से अब परहेज़ है उसे
पकड़ के उँगली जिसे चलना सिखाता रहा हूँ मैं
दर्द घुटने का अब नया खर्चा है उसके लिए
बिठा के काँधे पे जिसे मेले घुमाता रहा हूँ मैं
बेटा अब माँ को पास रखने को तैयार नहीं
जिस माँ-बेटे के प्यार पर इतराता रहा हूँ मैं
