हाँ मैं लड़की हूँ!


हाँ मैं लड़की हूँ! मुझे कुछ ज़्यादा करना पड़ेगा

समाज की कुरीतियों से भी लड़ना पड़ेगा।

आऊँगी लौटकर जब कभी देर से घर

दरवाज़े से पहले अनगिनत सवालों से गुज़रना पड़ेगा।

हाँ मैं लड़की हूँ! मुझे कुछ ज़्यादा करना पड़ेगा

सपनों को भी मुझे सोच समझ कर चुनना पड़ेगा।

पहुँच जाऊ चाहे आसमान सी ऊँचाइयों पर मगर

लड़की है। ये कथन हर बार सुनना पड़ेगा।

हाँ मैं लड़की हूँ! मुझे कुछ ज़्यादा करना पड़ेगा

जाने अनजाने सात फेरो में भी बधंना पड़ेगा

होगा कभी कभी पुरूष प्रधान समाज भारी मुझपर

कभी देश को अपने हाथों से गढ़ना पड़ेगा

हाँ मैं लड़की हूँ! मुझे कुछ ज़्यादा करना पड़ेगा

आँचल में होगी आग मेरे, कभी आँखों में पानी भरना पड़ेगा।

मेरी ही कोख से पैदा होगी राधा सुकुमारी

कभी मुझे लक्ष्मीबाई को भी जनना पड़ेगा।