मैं भूल गया, तुम याद दिलाना 

डर कर भागे लोगों में कोई बच्चा भी डूबा था क्या ?

तीन साल का एलन कुर्दी खुद पानी में कूदा था क्या?


मैं भूल गया, तुम याद दिलाना 

रेल की पटरी पर सोये बेअक्लों की लाशें पाई थी क्या?

जो रोटी गिरी, उठाई थी क्या? वो कुत्तों ने खाई थी क्या?


मैं भूल गया, तुम याद दिलाना 

नोटों की गड्डी के पीछे किसी मालिक का कुछ खोया था क्या?

वो बूढ़ा खड़ा था रोया था क्या? वो पाप किसी ने ढ़ोया था क्या?


मैं भूल गया, तुम याद दिलाना 

जलती लाशों की गिनती होने से रुकवाई थी क्या?

ख़त्म हुई दवाई थी क्या? ऊपर बात कराई थी क्या?


मैं भूल गया, तुम याद दिलाना 

बामियान में बुद्ध थे तोड़े 

बंदूकें जनी थीं, मरघट जोड़े,

ये फसल मेरी उगाई थी क्या?

यही मेरी कमाई थी क्या?