उस ने सीने से लगाया देर से

आँख में आँसू भी आया देर से


मुश्किलों का हल उसी के पास था

मैं ने हाल-ए-दिल सुनाया देर से


शुक्रिये पे चढ़ गया शिकवे का रंग

फूल लाया पर वो लाया देर से


रात भी पहले से कुछ काली थी आज

चाँद भी खिड़की में आया देर से


दुनिया ने समझा बहुत पहले था पर

'इश्क़ ने पागल बनाया देर से


वक़्त ने 'मेघा' मुझे हर मोड़ पर

इक नया रस्ता दिखाया देर से