उस ने जब सीने से लगाना छोड़ दिया

हम ने भी फिर याद दिलाना छोड़ दिया


तन्हाई से रिश्ता जब मज़बूत हुआ

महफ़िल में तब आना जाना छोड़ दिया


उस ने कोई क़द्र न रक्खी वा'दों की

हम ने भी वा'दे गिनवाना छोड़ दिया


आँखों की आवाज़ का जादू देखा तो

उस ने लफ़्ज़ों से समझाना छोड़ दिया


उस को पूरा करते तो मर जाते हम

आधे पे ही वो अफ़्साना छोड़ दिया