उस को इस लफ़्ज़ से भी नफ़रत है

मुझ को जिस शख़्स से मोहब्बत है


मुझ को मेरा ही नाम अच्छा लगे

उस के कहने में वो नज़ाकत है


उस से कहना कि मैं ने बोला है

खुल के कह दे अगर मोहब्बत है


कौन आएगा मुझ से पूछे बग़ैर

उस के दिल पे मिरी हुकूमत है


रूह भी उस से ही बहलती है

और वही जिस्म की ज़रूरत है


एक लम्हे में ठीक कर दूँ उसे

मैं जो चुप हूँ मिरी शराफ़त है


जिस्म और दिल बदलना एक सा है

ये मोहब्बत नहीं सियासत है


मेरी आँखें भले ही ज़ख़्मी हों

पर मिरा ख़्वाब तो सलामत है