दिल दुखा ही रहे तो अच्छा है

वो ख़फ़ा ही रहे तो अच्छा है


इक तकल्लुफ़ जो अपने बीच में है

ये बना ही रहे तो अच्छा है


तुझ को खोने से दिल जो डरता है

ये डरा ही रहे तो अच्छा है


जिस को मजबूरी कह रहा है तू

वो जफ़ा ही रहे तो अच्छा है


बिन कहे तुम समझ गए जिस को

वो छुपा ही रहे तो अच्छा है


बूँदा-बाँदी न रोकना 'मेघा'

सब हरा ही रहे तो अच्छा है