पिता आकाश जैसे
मां रही सदैव शीतल मलयबयार
पिता जी तुम रहे तपिश मेरे जीवन में
पर आतप तुम्हारे साये का बनाता रहा
मुझे कुंदन शनै: शनै: बिना बताए
बिना किसी आहट के
लगाया नहीं तुमने कभी गले मुझे उस तरह
जैसे मां लगाती थी
पर निरंतर गलबहियां करते रहे मेरे स्वपनों के संग
प्रयास करते गए बिना जताए, बिना बताए
मेरे हित में ,
मां ने मुझको दुलारा पुचकारा हर बार
तुमने जीवन में कई बार मुझे फटकारा
कई उपालंभ रहे तुम्हारे मेरे प्रति
मां बनकर धरा मुझे पोषित करती गई
तुम बन आकाश मुझे निहारते रहे दूर से
और करने लगे संतुलित मेरी संवेदनाओं को
कभी दिया ताप अपनी उलाहना से
कि उड़ने न लगे मेरा अह्म
फिर सहसा भिगो दिया स्नेह बारिश से
ताकि मेरा अन्तस शुष्क हो कुम्लाहे न पाए
तुमने ही सजाया मेरे ख्वाबों के इंद्रधनुष को
विविध रंगों से
धरा से उत्पन्न मैं इक पुष्प के सदृश
पर जिसका कोई नही अस्तित्व आकाश के बिना
पिता मेरे जीवन के आकाश
आप दूर रह उच्छवास भरते रहे मुझमें
मेरे जीवन में हमेशा ही
बनाते रहे मुझे सक्षम
प्रतियाम बिना थके बिना रुके
मीनाक्षी भसीन, सर्वाधिकार सुरक्षित 14-06-2023

