स्मृतियों के झरोखों से
क्षणभर ठहरकर 
साँझ की चौखट पर, 
अनगिनत आशाएँ 
मन के द्वार खटखटाती,
पर देखकर दबाव 
असंयमित लिप्साओं पर,
हाँ या ना के बीच 
बहुत ही छटपटाती ....

स्मृतियों के झरोखों से
झाँकना मैं भी चाहती,
क्या लांघ कर चौखट,
स्मृतियाँ वास्तविकता 
बन पाएगी ??
इसी प्रश्न का उत्तर शोधते
मैं स्वयं ही असंख्य बार 
एकांत में बड़बड़ाती....

स्मृतियों के झरोखों में 
सहेजें है कुछ क्षण,
कुछ को शुष्क पंखुड़ियों में,
कुछ को प्रेम पत्रों में,
क्या अमिट छाप भावनाओं की,
फ़िर हो पाएगी हरी भरी
सोच कर बिते दिन,
मन को बहुत ही मैं तड़पाती....

भला यही कि, बंद करके बैठूँ
इन स्मृतियों के झरोखों को
एकमात्र विकल्प जीवन का,
वर्तमान में ऐसे भूत का आना
भविष्य की चिन्ता सताती,
मन को मनाते मैं हार गई,
अंतर्द्वंद्व सहा जाता नहीं
झरोखों से अब उसकी स्मृतियाँ न आए,
इसी आस में जीती जाती....

Copyright ©️ मयूरी शाह