मित्रता की चाह थी जिससे,
उसे प्रेमी बनना भाया,
और जिसे सौंपा हृदय मैंने
उसे देह समझ में आया....
ना मित्र बनी न मन से प्रेमिका
बनी तो मैं केवल एक साधारण स्त्री....
जब दैहिक आकांक्षाओं की
पूर्ति कर बनी अर्धांगिनी,
मार दिया मन को उसने
जिसे माथे पर सजाया....
बनी पत्नी धर्म कर्म से, किंतु अंततः
बनी तो मैं केवल एक साधारण स्त्री....
त्याग समर्पण शाश्वत प्रेम की मूरत,
पर ना राधा बनी न रूक्मिणी,
बनी तो मैं केवल एक साधारण स्त्री....
मेरे खोने पर ना कोई पर्वत समुंद्र लांघेगा,
ना मेरे मृत्यु पर कोई विलाप करेगा,
न सीता बनी न पार्वती.....
बनी तो मैं केवल एक साधारण स्त्री....
Copyright ©️ Mayuri Shah

