हरे पेड़ों की सांवली छाया में सूखे-मटमैले पत्तों के बिछौने पर सोते में जागता है फ़कीर---। भीतर खिले हैं श्वेतकमल आंख में बसा नीला आकाश माथे पर चमकती है सुनहरी धूप हाथ पर एक एक कर झरते हैं पीलेे फूल---। धूल में सनी गेरुआ झोली से झांकते हैं माला के काले मोती गुलाबी उंगुलियों के मुंदरों में जड़े हैं मूंगे मनके गिनते गिनते भूल गया उम्र की गिनती---। उसके कठौले में भरे जल का कोई रंग नहीं इस हैरत में पुकारता है हैरान करने वाले को सब रंग उसी के कैसे, जिसका कोई रंग नहीं---। होली मनाता है फ़कीर रंगों से खेलता हुआ एक रंग में रहता है अनेक रंगों में सना हुआ----।