परिस्थितियों से जूझते हुए चेहरे
माथे की सिकुड़न, आँखों की नमीं
सूखे होठों पर एक चुप्पी थमीं
जीवन के संघर्ष की एक बेबस कहानी
एक तिनका, एक लत्ता, एक दाना
और.. दो बूँद पानी …
– – –
बुझा हुआ चूल्हा, सुलगते पेट
फटे हुए बस्ते, पुरानी स्लेट
जाड़े में छज्जों से झरते हुए ओस
सपने उम्मीदों से परे हैं कई..कोस
जीवन के संघर्ष की एक बेबस कहानी
एक पचकी बाल्टी, एक फूटा डिब्बा
और.. एक टूटी हुई साबुनदानी…
– – –
कच्चे आँगन का सूना आसमान
सिसकते पत्थर, दिल बेजान
गरीबी की आँधी से जूझता लालटेन
साँझ की दुपहर में झुलसते रैन
जीवन के संघर्ष की एक बेबस कहानी
एक गरीब बाप, एक मजबूर माँ
और भूख से बिलखती एक गुड़िया रानी