न दस्तक दो बेवजह कि कैद में है जिंदगी,
ख्वाइशों को नुमाइशों की आदत न लगे।
इन हवाओं में महकने की अब चाह नहीं मेरी,
कुछ बुलबुले से ख्वाब हैं बस फूट जाने दो।
डूब तसव्वुर में तोड़ लूं चांद तारे आसमां के,
या सवार अश्व पर कर लूं फतह ये ज़मीं तेरी।
दीवानगी में मचलने की अब चाह नहीं मेरी,
कुछ आईने से ख्वाब हैं बस टूट जाने दो।
लिख दूं कलम से जो इस जिस्म पर है बीती,
या चीर दूं सीने में देख हैं घाव कितने गहरे।
आजमाइश से गुजरने की अब चाह नहीं मेरी,
कुछ पैमानों से ख्वाब हैं बस डूब जाने दो।।
- मानवेंद्र सिंह राना

