चलो कुंभ का मेला देखें,

चलो तो अमृत पान करें,,

लगा के तटिनी में एक डुबकी,

चलो इष्ट का ध्यान करें।।


हुआ देव दानव का संगम,

मथने सागर क्षीर का सीना,,

विष निकले तो त्राहि त्राहि,

अमृत मिले तो सभी को पीना।।


छलक गई कुछ धरा पर बूंदें,

हुए अमर हुए पावन स्थल,,

जुड़ेंगे मेले, हम नहीं अकेले,

बने साक्षी नभ थल और जल।।


कहीं मोक्ष की इच्छा व्याकुल,

कहीं समाधि ध्यान बहुल,,

कोई ईश का करता चिंतन,

लगा है तांता वंश और कुल।।


भंडारों की खुशबू मनमानी,

पांत लगाके बैठे प्रतिभागी,,

पंडालों में कर कुछ विश्राम,

निकल घाट पर करें प्रणाम।।


भक्ति वर्षा ज्ञान की चर्चा,

सुन गुरुवाणी करले दर्शन,,

दृश्य विहंगम कुंभ है जंगम,

लगा रहे आवन और जावन।


दिव्य कुंभ का यह आयोजन,

भव्य रूप है कितना पावन।

धरती पर है श्रेष्ठ समागम,

समूह प्रेम में जुडे सनातन।।