ऋषि मुनि देवों की वाणी,
संस्कृत का अवतार हुआ।
अलंकृत वेदों का लेखन,
अध्यात्म से श्रृंगार हुआ।
भव्य बोध की करके वृष्टि,
सुगम हिंदी का ज्ञान हुआ।
कर संचित भावों को बोली,
मानव मुख का गान हुआ।
सहर्ष ही सदियों तक झेला,
परदेशी भाषाओं का मिश्रण।
उदार हृदय सी व्यापक हिंदी ,
वरण देश की शान हुआ।
हिंदी के सुमधुर प्रभाव में,
चहुं ओर दैदीप्यमान हुआ।
जन गण मन लहरा परचम,
ग्रंथों का वांछित मान हुआ।
मुख पर शोभित हिंदी बोली,
अभिव्यक्ति का वरदान हुआ।
प्रचुर शब्दों का कोश लिए,
उपभाषाओं का उत्थान हुआ।
संचार कला में करके वृद्धि,
राष्ट्र एकता का निर्माण हुआ।
कर आलिंगन सुमधुर हिंदी,
जीवन का कल्याण हुआ।

