दुनिया में होश निराला है,

हर नुक्कड़ पर मधुशाला है।

है महफिल में मशहूर वही,

होठों पर जिसके प्याला है।।


कहलाता है धनवान वही,

जिसका मान ईमान दीवाला है।

और उंचा है कद पद उसका,

घर जिसका भी बहुमाला है।।


सुलझा है वो गुरू यहां,

बुद्धि पर जिसके ताला है।

कहां से दीक्षा ग्रहण करूं,

पाखंड के हाथ ही माला है।।


स्वेत वस्त्र में ढूंढ प्रतिष्ठा,

भले आचरण काला है।

दुनिया में होश निराला है,

हर नुक्कड़ पर मधुशाला है।