रात गगन संदूक खुला है,
तारामंडल चमक रहा है।
ताक रहे छतों पर चढ़ कर,
पर पहरे पर चांद खड़ा है।।
दौड़ रहा अश्वों पर भानु,
धूल निशा की उड़ा गया है।
लूट को तरसे योगी भोगी,
पर पहरे पर चांद खड़ा है।।
दिन भर माया में लिपटे तन,
रात को भी बहके है ये मन।
चांदनी का क्या नशा चढ़ा है,
पर पहरे पर चांद खड़ा है।।
घात लगाकर नजर चुराकर,
कूच करे अंबर पर जाकर।
कल्पित मोह पर खूब अड़ा है,
पर पहरे पर चांद खड़ा है।।
नहीं मानती लोभी माटी,
चंदा खड़ा है लेकर लाठी।
देवों का दिव्य कोष गड़ा है,
पर पहरे पर चांद खड़ा है।।

