ये मच्छर क्या कह जाता है.....
रात को नींद में, जब मैं जाने लगा
कान में कोई सुर, गुनगुनाने लगा
एक मच्छर मुझे यूं, सताने लगा
मुझ कवि को, कविता सुनाने लगा
प्यास जी भर के अपनी, बुझाता रहा
जहां बैठा वहीं पर, सुजाता रहा
मारने को उसे, जो उठा मेरा हाथ
झट से बोला, वो “पहले सुनो मेरी बात”
उसकी आंखों से, दरिया सा बहने लगा
लड़खड़ाती जुबां से, यूं कहने लगा
ये नहीं, शौक मेरा, मजबूरी है ये
मेरे जीने की खातिर, जरूरी है ये
जिनसे भरता रहा, आज तक मेरा पेट
वो सभी जानवर, चढ गए तेरी भेंट
हम प्यासों का अब कोई, सहारा नहीं
आदमी बिन , हमारा गुजारा नहीं
पेट भरने तेरे दर, जब आता हूं मै
क्या कान में, गुनगुनाता हूं मै
उसको समझे नहीं तो, बताता हूं मैं
गीत तेरी भलाई के, गाता हूं मैं
भरे मेरे ही दम पर, बटुआ आप का
बिन मेरे क्या हो, उस कछुआ छाप का
मुझसे चलता है लोगो का धंधा-पानी
वरना किसको बेचोगे, वो मच्छरदानी
मैं करता हर काम, कुदरत के कानून से
कह के दो बूंद ली हैं, तेरे खून से
बिन बताए तुम्हें कुछ भी लेता नहीं
उम्र भर खून पीउं, वो नेता नहीं
क्यों मुझे मारकर तुझको आए मजा
है नहीं मेरे अपराध की, ये सजा
खून दो बूंद पीकर, मैं घर जाऊंगा
8-10 दिन में, खुद ही, तो मर जाऊंगा
खून लाखों करोड़ों क, तुमने पिया
घाव कुदरत को गहरा, है तुमने दिया
उन गुनाहों पर क्यों नहीं, शर्मिंदा है तूँ
है यही न्याय तो, फिर क्यों जिंदा है तूँ
मेरे मरने से, ना कुछ फर्क आएगा
हाँ मुझे मारकर, तू नर्क जाएगा
मैं हूँ कमजोर, मेरी किसे क्या फिक्र
सबका मालिक है जो उस खुदा से तो डर
जो हुआ उसको तू, एक सपना समझ
मैं नहीं गैर, मुझको तू, अपना समझ
छोड़ दे ये मुझे मारने का, जुनून
देख मेरी रगों में , बहे तेरा खून
By : Manoj Mudgal
Mb 9211517400

