सच तो यह है, मैं अकेला नहीं हूँ, क़तई भी नहीं, जैसा तुम सोचते हो वैसा तो बिलकुल भी नहीं। साथ मेरे हैं मेरे सपने, मेरी ख़ुशमिज़ाजी, मेरी महत्वाकांक्षाएँ हमेशा मेरे मन को टटोलते, बहते ये गहरे बादल वो शाख़ पे बैठी चहकती गोर्रिया, उससे भी मेरा लम्बा रिश्ता है। मेरे आँसू मेरे साथी हैं, हर पलके, ये उगता सूरज, ढलती शामें, वो दूर गगन पर घट-बढ़कर निकलता चाँद, रातों में मेरा साथी होता है और जब वो नहीं होता, तो अमावस होती है मेरी सहेली, मुझसे अपनी बातें करती, कभी मेरी भी सुनती। ये हवाहों से मचल कर खिलखिलाती शाख़ें, देखो मेरी रहबर है, बरसों बरस की, जब मैं पेड़ों पर चढ़ा करता था, गिरता, फिर चढ़ता। मैं अकेला बिलकुल नहीं हूँ। वो दीवाल पर चढ़ती, लकीरों की शक्ल बनाती चिटियाँ, कई बार सबक़ सिखाया है उन्होंने मुझे परिश्रम का, एकजुटता का। मैं अकेला क़तई नहीं हूँ, बिलकुल भी नहीं। ओस की बूँदें, दूर बजती मंदिरों की घंटियाँ, वो गरमियों की दोपहरी में चलती लू, तो कभी पूस की ठिठुरती ठंडी रातें, घर को लौटती गायों का झूँड, वो कोयल की कूक। सभी तो हमेशा से मेरे साथ थे, और अब भी हैं, मेरे अपने, मेरे साथी। फिर बताओ मैं अकेला कहाँ?