लड़ रही लड़कियाँ
………………………………
लड़ रही लड़कियाँ
चुप्पी तोड़ मुठ्ठी तान
भीड़ में सबसे आगे बढ़
लड़ रही लड़कियाँ
तोड़ रही बैरिकेड
तोड़ रही सब साजिशें
खा रही गालियाँ
खा रही लाठियाँ
खा रही गोलियाँ
बेतरतीब सड़कों पर घसीटी जा रहीं
बेरहम बूटों से रौंदी जा रहीं
हर जोरों - ज़ुल्म से टकरा रहीं
काल कोठरियों से भी नहीं डर रही लड़कियाँ
जेल की सलाखें पीट - पीट कोहराम मचा रही लड़कियाँ
सत्ता के आँखों में कैसी चुभ रही ये लड़कियाँ
अब जो कमर कस ली हैं
जीना और लड़ना सीख ली है
हर दरों - दीवार गिरा कर मानेंगी
उलटे सब फरमान मिटा कर मानेंगी
हर पिंजर तोड़ आगे बढ़ जाएंगी लड़कियाँ।
### मनीष कुमार
