जो रास्ते लौट कर घर नहीं आते
………………………………………………………………
लीक, पगडंडी से होते हुए रास्ते सारे
बन रहे हैं रोड चौड़े - चौड़
बेतरतीब, बेतहासा, बेधड़क
काटे - छाटे जा रहे हैं पहाड़
पहाड़ों के निस्तब्धता में
ज़हर सी घोल रही हैं दैत्यकार मशीने
और देखते - देखते भस्म कर दिए जा रहे हैं
बांज, बुरांस, ढोकरा, छाण, बुग्याल,
पहाड़ी रास्ते चढ़ते - उतरते
“श्रीमंतों” को होती है तकलीफ
इसलिए अनुकूलित किए जा रहे हैं रास्ते
इसलिए नाथे जा रहे हैं पहाड़
पहाड़ी जरूरतों को पगडंडियाँ ढ़ो लेती हैं
लेकिन बाज़ार को चाहिए रास्ते निर्विघ्न
जिससे वे आपके घरों तक पहुँच सके
ताकि वे आपके जरूरतों से नहीं
आप उनके हिसाब से चल सकें
इन्हीं चौड़े हुए रास्तों से
नीचे मैदानों में उतर आ रहे हैं
कम उम्र पहाड़ी लड़के
और खो जाते है शहर के भूल - भुलैया में
पीछे रह जाते है
दो जोड़ी पनियइल आँखें
और गोरु, छाण, बुग्याल
वक़्त के साथ जो रास्ते घऱ नहीं आते
और नहीं लौटते कम उम्र पहाड़ी लड़के
उन तमाम गांव, घर, बाट, गुठ्यार
को जंगलात अपने में समेट लेता है
उधर शहरों में
कम उम्र पहाड़ी लड़कों को नहीं मिलते घुघूती
जिससे वे राज़दार कर सकें।
### मनीष कुमार
े
