जो ख़ुशबू बनकर महकती हो

साँसों को आज बहकने दो

कल शायद इस सीने में,

फ़क़त धुआँ रह जाएगा.


वक़्त का क्या है,

गुज़रता है, गुज़र जाएगा...


ख्वाबों की तरह आती हो

मूंद कर पलकें छूने दो

कल शायद मर्ग-आग़ोश में,

यहीं लम्हा रह जाएगा.


वक़्त का क्या है,

गुज़रता है, गुज़र जाएगा...


जो हाथों मे तेरा हाथ है

उम्र-सफ़र यूँही चलने दो

कल शायद इन राहों पर,

कोई तन्हा रह जाएगा.


वक़्त का क्या है,

गुज़रता है, गुज़र जाएगा...


इन मासूम, नन्हे हाथों को

आज गले से लिपटने दो

कल शायद ये अक्स अपना,

अपना कहाँ रह जाएगा.


वक़्त का क्या है,

गुज़रता है, गुज़र जाएगा...


माना ख़ाक में मिल जाना है

कुछ अपना छोड़ जाने दो

कल शायद इन सितारों में,

कहीं निशाँ रह जाएगा.


वक़्त का क्या है,

गुज़रता है, गुज़र जाएगा...


---------------------------------------------------------------------------------------------


पलको में छुपाये रख्खे है

आँखों मे आज उभरने दो

कल शायद हर ख़्वाब अपना,

यूँही अश्क बन जाएगा.


वक़्त का क्या है,

गुज़रता है, गुज़र जाएगा...


उम्र-भर जख़्म खाये है

आबला-पा ही चलने दो

कल शायद बैठे रहने से,

जख़्म नासूर बन जाएगा.


वक़्त का क्या है,

गुज़रता है, गुज़र जाएगा...


जो राहनुमा सितारा गुम है

तो आज यूँही भटकने दो

कल शायद इन क़दमों से,

रास्ता नया बन जाएगा.


वक़्त का क्या है,

गुज़रता है, गुज़र जाएगा...


ज़िद जो हमने ठानी है

मंज़िल को आज तरसने दो

कल शायद इन राहों पर,

अपना गुमाँ रह जाएगा.


वक़्त का क्या है,

गुज़रता है, गुज़र जाएगा...


माना ख़ाक में मिल जाना है

कुछ अपना छोड़ जाने दो

कल शायद इन सितारों में,

कहीं निशाँ रह जाएगा.


वक़्त का क्या है,

गुज़रता है, गुज़र जाएगा...


================================================================================


‘वक़्त का क्या है, गुज़रता है, गुज़र जाएगा’ is a मिस्रा borrowed from famous poet Ahmad Faraz. I have based my poem on this line, with its core idea as ‘The time will pass anyway.…’. This is my tribute to this great poet.