बेवजह की दुनियादारी मे हम यूँ ही उलझते रहे
वक़्त गुज़रता गया, और ख़्वाब बिखरते रहे|
दिल की ही कहेंगे, दिल की ही सुनेंगे,
अपनी राह खुद चुनेंगे, बस कहते रहे|
ख़्वाहिशें अधूरी रही, जो सोचा वो न कर पाये
आँख भर आयी मगर, मुस्कुराकर सहते रहे|
किसी की किताब छपी, किसी ने ख़्वाबों की तामीर की
ठंडी आहें भरकर हम, हसरतों से उन्हे तकते रहे|
ये मजबूरियाँ अपनी है, वो ख़्वाब भी अपने थे
हकीकत जो न बन पाये, उनके लिये तरसते रहे|
न बात निकली, न ज़िक्र हुआ, दास्ताँ अपनी किससे कहे
हसती-खिलती महफ़िल मे, हम भी फिर हसते रहे|
जिंदगी कुछ यूँ गुजरी, यारी, रिश्ते, फर्ज़ निभाते रहे
‘मनिष’ तो ख़ाक हो गया, अरमाँ मगर सुलगते रहे|
