चलो, आज मन की करते हैं, लोकतंत्र के फटे चादर को सिलते हैं.... चलो, समेटते हैं अँजुरियों से, उन आँसुओं को जो बही थी, कभी किसानों की आँखों से.... फिर, सींचते हैं, आँसुओं से उस खेत को, जो बंजर हो गए हैं.... चलो, चाँद को सूरज के तवे पर सेंक, उसकी रोटी बनाते हैं... फिर, भरते हैं पेट उन बच्चों का, जो फुटपाथ पर, रात में भूखे सोते हैं.... चलो, आसमान में घुसकर, सूरज की किरणों और तारों को चुराते हैं.... फिर, सजाते हैं उस झोपड़ी को, जहाँ सदियों से, स्याह अँधेरा छाया है.... चलो, गीता और कुरान के नाम पर लड़कर, बेघर होने वालों का घर बसाते हैं.... फिर, मंदिर में क़ुरान की आयतें, और मस्जिद में गीता के श्लोक पढ़ते हैं..... चलो, आज मन की करते हैं, लोकतंत्र के फटे चादर को सिलते हैं....