दरख्त काटता रहा जोश दिखाने को
मंज़र बदलता गया कहर ढाने को
हवाएँ कब शरारों में तब्दील हो गईं
जिंदगियाँ कब्रों में तामील हो गई
नियामतें रब ने बख्शी आब और हवा
नियामकों ने दिखाया अपना दबदबा
पैदाइश दी, ताक़ीद किया मिल कर रहने को
लगा चस्का, जज्ब कर आगे बढ़ने को
दिलों में सिलवटें इतनी की,
तह पर तह चस्पा हैं
दरवाजों पर जो दस्तक दी
लाशों का सख़्त पहरा है
आईने में शख़्स और
अक्स आईनों में कातिल हैं
न जाने कब से बंदे
लहू बहाने को पागल हैं
जर्रानशीं होना, है जिंदगी की तक़दीर
पर यूँ बेइंतहा होना, है 'उसकी' तदवीर
बयारों में आज, वो दहशत है
जाने कौन आज बदकिस्मत है
आज कहते भी हैं कि साथ आ जाओ
वो कहते हैं, नहीं, दूरियां अपनाओ
कुदरत ने ये कैसा माहौल बनाया है
हर तरफ सन्नाटा और डर का साया है
इसे इंतकाम नहीं इन्तेख़ाब समझना
शायद अब चुनाव का सही मौसम आया है।
-© मणि भूषण 'स्वरचित'
तदवीर:युक्ति
दरख़्त:पेड़
नियामक:नीति निर्माता
आब:पानी
ताक़ीद:निर्देश
जज़्ब:हड़पना
चस्पा:चिपका हुआ
अक़्स:प्रतिबिम्ब
जर्रानशीं:मिट्टी में मिल जाना
इन्तेख़ाब:चुनाव
चुनाव:(लॉ ऑफ सेलेक्शन ) चयन
