घुप्प अँधेरे में चाँद निकला

तो मैंने किसी को पूछा

चाँद देखा है?

कितना सुंदर

देखो ऊपर,

उसने कहा

मक्की की रोटी जैसा है

मुझे भान हुआ कि वह भूखा है

उसे घर ले जाकर

मैंने झटपट एक रोटी खिलाई

फिर पूछा; चाँद कैसा है?

उसने कहा

आग के गोले जैसा है

उसे ठंडा पानी पिलाकर

मैंने फिर पूछा: चाँद कैसा है?

उसने कहा

एक सपने जैसा है।

मैंने उसे बिस्तर दिया...

और कामना की:

'उसे रोटी और आग मिले।'