ताले और चाबियां
चाबियां थमा ,
बना दिया गया मुझे मालकिन,
और मैं इस भुलावे में आ
तालों में उलझती रही, दिन-ब-दिन ।
रसोई से शयनकक्ष तक,
घुमाती रही
कर्तव्यों की चाबियां ।
लगाती रही ताले
अपने आदतों, अरमानों पर,
प्रगति के पायदानों पर,
कभी आंसू ,
और कभी मुस्कानों पर ।
धीरे धीरे यूं ही ,
घुटन बड़ती रही ।समझने लगी,
की इन चाबियों से
कैद करती जा रही हूँ
खुद को कहीं ।
अचानक एक दिन
जब छटपटाती हूँ ।
अपने लगाए इन बंधनो को
तोड़ने की हिम्मत जुटाती हूँ।वही चाबियां बार बार घुमाती हूँ।
हताश निराश हो ,
आखिर हार जाती हूँ ।
जब होश में आती हूँ
यही सवाल दोहराती हूँ
कर्तव्यों की चाबीयों से
अधिकारों के ताले
क्यों नहीं खोल पाती हूँ।
क्यों नहीं खोल पाती हूँ।
-ममता पंडित

