सड़क पर बैठे हुए
एक मासूम से
बछड़े को
ऑटो वाला
डंडे से पीटकर
उठाना चाहता था।
फिर उसने मन ही मन
दुःखी होकर
लात भी मारी।
कैसी थी लाचारी।
मैं अंदर बैठा सोच रहा था।
कहाँ है बछड़े के
हिस्से की धरती
कहाँ है भेड़ बकरी
कबूतर की धरती।
कहाँ जाएगी बिल्ली
कबूतर और खरगोश
सब कुछ मनुष्य ने
ले लिया अपने आगोश।
क्यों मनुष्य अकेला ही
होना चाहता है
सब कुछ पाकर भी
सब कुछ खोना चाहता है।
अकेला मनुष्य
नही जी पायेगा
जहर इतने होंगे,
नही पी पायेगा।
आओ धरती न बांटे
सबको सबका हिस्सा मिले
सब एक साथ रहें जग में
खत्म न किसी का किस्सा मिले।