वक़्त तो तुम बिता ही रहे हो, लम्हे तो यूँ ही लुटा ही रहे हो, अब तो एक नयी शुरुआत कर ही लो, मन की वो अनकही आवाज़ अब सुन ही लो, ज्यादा नहीं तो सिर्फ थोड़ी ही सही, थोड़ी सी मेहनत तो कर ही लो, सुन कर जब तुम वो आवाज़ अनकही, अपनी खुद की मंजिल अब चुन ही लो, आज़मा के तो देखो अपने जुनून को, सजा के तो देखो अपने ग़ुरूर को, वादा करके तो देखो अपने ख्व़ाब से, कि कभी न कभी तो सच करोगे ही उसे, क्यों कतराते हो तुम इतना खुद से, क्यों डरते फिरते हो अपनी ही परछाई से, ठान लो एक बार कि मुक़म्मल करोगे, अपनी अधूरी ख्वाहिश को, अपने अनदेखे जज़्बात को, अपने अनकहे अलफ़ाज़ को, कहीं देर न हो जाये पहचानने में, चेहरे के नीचे छिपे हुए चेहरे को, प्यार में थोडा संभल के तो देखो, कुछ सुन के कुछ बोल के तो देखो, अब तो सीख लो अपनी नादानियों से, अब तो होश में तुम आ जाओ, धोखा खा के पेट नहीं भरा अगर, तो ठोकर खा के ही तुम सो जाओ, दिल तो कई बार टूटा होगा, आंसू भी हज़ार बहे होंगे, तो क्या भरोसा करना छोड़ दोगे? किसी और के दिल को भी तोड़ दोगे? कब से चलते ही जा रहे हो, कहीं साए में थोड़ी देर बैठ के, कुछ सोच के कुछ याद करके तो देखो, मंजिल तक तो पहुँच ही जाओगे, पहले उस रास्ते को जी भर के तो देखो, चलो अब भूल भी जाओ वो सब कुछ, जिसे याद करके तुम अक्सर रोते हो, चलो अब वो सारे राज़ खोल भी दो, जिन्हें अपने दिल में तुम दफ्न किये हुए हो, ये ज़िन्दगी एक नियामत है, एक ज़रिया है, इसे फ़िज़ूल ख़र्च तो मत करो, बेवजह इस्तेमाल तो मत करो, जूझते तो रहना है हमेशा, इसे गुज़ारने कि जद्दोजहद में, ये ज़िन्दगी जीने के लिए है, इसे जी के तो देखो, एक बार, हर बार, इसे जी के तो देखो…