वो निरंतर चलता रहा,
भाग्य उसे छलता रहा।
लेकर निज दो हाथों का शस्त्र,
तन ढाँकने को नहीं कोई वस्त्र।
फिर भी चेहरे पर लिये निश्छल हँसी,
जाने किस दम वह बेदम उछलता रहा।
भाग्य उसे छलता रहा।।
भय था भयंकर, शत्रु अदृश्य,
पराए तो क्या, अपने हुए अस्पृश्य।
मानो उजाले ने ओढ़ी चादर अंधेरे की,
जैसे राहु, आदित्य को निगलता रहा।
भाग्य उसे छलता रहा।।
गिरकर उठता, टूटकर बनता स्वयं,
खिलौना अपने भाग्य का बनता स्वयं।
रोटी-पानी, दाने थे अनमोल सभी,
बच्चों के आँसू में लौह पिघलता रहा।
भाग्य उसे छलता रहा।।
अपनी धरती पर परदेशी लोग हुए,
देखा कभी न ऐसा, पहले कई रोग हुए।
चलने को मजबूर हुआ मज़दूर पिता,
बेबस माँ की छाती से लाल फिसलता रहा।
भाग्य उसे छलता रहा।।
कुछ कोसे, कुछ सोचे घर कुछ कोस,
जीवित होना भाग्य, नहीं किसी का दोष।
उम्मीदों का थामे दामन कर साहस,
अपने घर की ओर चला और चलता रहा।
भाग्य उसे छलता रहा।।
#महेन्द्र सिंह राजपूत

