अपनी अभिलाषा के मोती

पिरोये मन के तारों पर,

स्वप्नों की झंकृत आभाएँ

बिकने को सजे बाज़ारों पर।।


सच्चे झूठे खेल किसी को

भाते बहुत मज़े वाले,

अपनी मर्यादा रेखा के

रखे दम्भ हमने पाले।

भावों के भी मूल्य लगे अब

शून्य से लेके हज़ारों पर,

स्वप्नों की झंकृत आभाएँ

बिकने को सजे बाज़ारों पर।।


धूल की कीमत पहचाने जो

नेत्र खरे कहाँ से लाऊँ,

पन्ना-पन्ना बिखर रहा जब

शब्द मैं कैसे पढ़ पाऊँ।

मंदिर सूने पड़े हुए और

भीड़ है झूठे मज़ारों पर,

स्वप्नों की झंकृत आभाएँ

बिकने को सजे बाज़ारों पर।।


पीड़ा का भी अपना आनंद,

सुख की यही परिपाटी है,

स्वर्ण महल की अप्सराओं

को होना एक दिन माटी है।

झूठ भी सच कहलाता जिसकी

ख़बर छपे अखबारों पर,

स्वप्नों की झंकृत आभाएँ

बिकने को सजे बाज़ारों पर।।


#महेन्द्र सिंह राजपूत