प्रण जो किया था तुझसे,चंद्र..
अक्षरश: उसे निभाएंगे..
अंकित कर ध्वज,भारत माँ का..
तेरे उर पर,हम फहराएंगे..
विदित,वेदना-व्यथा तुम्हारी..
पिछली बार,जो आ न सके..
तृष्णा तीव्र,उत्कंठा अति..
अतृप्त,अहो,मिटा न सके..
"श्री हरि"प्रेरित"बाहुबली"ने..
कंधों पर जिसे उठाया है..
वो "चंद्रयान" तेरे समीप..
अंतरिक्ष मार्ग से आया है..
शिशु "प्रज्ञान",पिता "विक्रम",संग...
क्रीड़ा करने आया जी भर..
वात्सल्य रश्मियाँ बरसाना..
पदचिन्ह पड़े,उसके,तुझ पर..
स्वागत में तोरण द्वार सजा..
कर आरती,देना नजर उतार..
मंगल ध्वनि गुंजित,दसों दिशा..
वैदिक ऋचाओं का मंत्रोच्चार..
झंडों पे दिखा,कुछ इतराते..
हम वो,कर आते,चंद्र भ्रमण..
हम आदिकाल से जिज्ञासु..
है लक्ष्य,सृष्टि का अन्वेषण..
जय,जयतु,देश के विज्ञानी..
कौशल का नहीं है पारावार..
विस्मित है विश्व,है नतमस्तक..
करे मुक्तकंठ,भारत जयकार...
- महेंद्र कुमार डागा
१०,माधव चटर्जी स्ट्रीट,
कलकत्ता - ७०० ०२०
Read more Earn more Learn more

