छोटी छोटी बातों से अक्सर
खुश हो जाया करती हूँ मैं
उगते हुये सूरज की छटा देख
छोटे लिली के गमले में एक
नया सा सफेद फूल देख
खुश हो जाया करती हूँ मैं
अदरक वाली एक कप चाय से
बच्चों की सुबह वाली एक झप्पी से
खुश हो जाया करती हूँ मैं
रसोई में खाना बनाते
आँचल से पसीने को पोछ
सब्जी में नमक डालते वक्त
जब तुम आकर कहते हो
"बड़ी अच्छी खुशबू आ रही हैं…"
तुम्हारी ये बात सुन
खुश हो जाया करती हूँ मैं
कभी किसी शाम पौधों को
पानी देते देते यूं ही कुछ
गुनगुनाने लगती हूँ
पीछे से तुम आकर साथ
मेरे उस गाने की एक लाइन
मेरी तरफ प्यार से देख गाते हो
जाने क्यूँ अभी भी शरमा कर
पुरानी कुछ बातें तुम्हारी याद कर
खुश हो जाया करती हूँ मैं
डाइनिंग टेबल पर बैठ जब
बच्चे अपनी मनपसंद डिश देख
"मम्मा यू आर द बेस्ट.."
कह कर मुस्कुराते हैं
बस उनकी ये मुस्कान देख
खुश हो जाया करती हूँ मैं
यूं ही कभी अचानक कीसी दोस्त
का फोन आने पर उससे बात कर
पुराने कुछ किस्से दोहरा कर
उससे थोड़ा हंसी मजाक कर
खुश हो जाया करती हूँ मैं
बड़ी बड़ी खुशियों की चाह
नही रखती.. बस इस रोज
मर्रा की ज़िन्दगी में शामिल
कुछ छोटी छोटी कहानियों से
खुश हो जाया करती हूँ मैं
~मधुलिका / @Bawra_Mann_
