सुनहली साँझ में
थका हारा निढ़ाल सूरज
जैसे-जैसे अस्ताचल में
डूबने को आतुर
तब उसकी उदासी
मेरे भीतर उतर के
निशब्द कहती है।
इस वक्त कोई होता,
चाहे अजनबी ही सही
सामने कुर्सी पर बैठ कर
वह भी कॉफी पीता।
यकीनन हम बातें न करते
फिर भी साथ तो रहते।
कभी-कभी अकेले में
अजनबी की उपस्थिति भी
राहत का एहसास देती है।