“ज़िंदगी”


तलाशा तुझे ताउम्र ऐ ज़िंदगी

और तू मुझे इन मयख़ानों में मिली,

होश में रहते की बहुत बंदगी

और मदहोशी में सारी दौलत मिली।


अंधेरों उजालों की लुक्का छिप्पी

तू क़ैद किसी दिए में थी पड़ी,

अश्क़ों का असलहा था दिल में

चिंगारी सी थी कहीं दबी पड़ी। 


छलकते उन प्यालों से छिटकती

कहाँ तू इधर उधर बिखर रही,

एक सदी से सूखे पड़े अधरों को

तेरी एक बूँद अब भी ना मिली।


नाचती डोलती इन शामियानों में

साक़ी सी, तू सितारों से है सजी,

आक़िल आशिक़ है कई महफ़िल में

नादान, सौदेबाज़ी के शिकार सभी।


मिज़ाज कभी नर्म कभी गर्म

क्या गर्दिश में है तक़दीर लिखी,

जलते दिल से निकलता धुआँ

राहे अंज़ाम पर अब निकल चली।


ज़ाम ना जाने कितने बह चुके

फिसलते वक़्त के यहाँ ग़ुलाम सभी,

होशवालों तुम अब संभल जाओ

देखो, मेरे भी हाथों में है ज़िंदगी।