“नामुमकिन”
ज़िंदगी है बिखरी इतने अश्क़ों में अब
समेटना ख़ुद को नामुमकिन सा लगता है,
बामुश्किल एक किनारा मिला था कहीं,
अब बचना भी नामुमकिन सा लगता है।
ख़्वाहिशों-हक़ीक़त में फ़ासला है अब
सच का सामना नामुमकिन सा लगता है,
बामुश्किल डोर उम्मीद की मिली एक कहीं,
अब संभलना भी नामुमकिन सा लगता है।
सजायफ़ता एक उम्र से ज़िंदगी है अब
आज़ाद होना भी नामुमकिन सा लगता है,
बामुश्किल एक रोशनी दिखी थी कहीं,
अब अंधेरों से बचना नामुमकिन सा लगता है।
बंजर ज़मीन, झुलसता आसमां है अब
सुकून का होना नामुमकिन सा लगता है,
बामुश्किल अब्र दिखा था दूर मुझे कहीं,
अब तूफ़ाँ से भागना नामुमकिन सा लगता है।
मुस्कुराहटें ग़मों में तब्दील हो रही अब
ख़ुशियों का होना नामुमकिन सा लगता है,
बामुश्किल वो साथ एक मिला था कहीं,
अब वो एहसास भी नामुमकिन सा लगता है।
चलो चलता हूँ, अलविदा कहना है अब
इन चमकते मेलों में अकेलापन सा लगता है,
बामुश्किल जिन लोगों से मिला था कहीं,
अब उन्हें अपनाना नामुमकिन सा लगता है।
