“मनु”
कहीं अल्प-विराम, तो कहीं पूर्ण-विराम,
कहीं एक अक्षर, एक शब्द, या एक वाक्य,
कहीं आरम्भ, कहीं विराम, या कहीं अंत,
किरदार कहानियों के, मनु अनादि-अनंत।
विस्मित, परिलक्षित, कुछ भयभीत, व्यथित,
जीवन, मरण, उत्थान, पतन, कुछ अचंभित,
अलंकार आलिंगन करता, देखो एक किरदार,
अद्भुत एक रचना, कर रही निरंतर विस्तार।
आश्रित, कुपोषित, शोषित, किंचित ऋगाल,
घटनाओं के निमित्त, कभी विघटित कृपाल,
कभी झुंड के झुंड, कभी बीहड़ में निहित त्राण,
निष्कलंक, या कलुषित, मोह में बंधे प्राण।
कभी फलित या ज्वलंत, विचार मेघ विशाल,
धर्म, अधर्म, क्रीड़ा, शिथिल, एक द्वारपाल,
योनि जन्मों की संगिनी, अनंत शून्य समान,
देव, दैत्य, कर्म का लेख, चित्रगुप्त है प्रमाण।
लालसा, घृणा, द्वेष, तमस् के ये अनेक भेष,
मन उड़ रहा तरंग सा, जैसे जीवन हो अशेष,
मिट्टी का देह, समय की परीक्षा का अवशेष,
मनु, निरंतर क्यूँ है, हार, जीवन में तेरे निशेष।
पद्धति कैसी अद्भुत, इस परिवेष से असंतुष्ट,
जात, पात, छुआछूत, तेरे व्यवहार में प्रस्तुत,
खेल धन और दरिद्रता का, क्यूँ कैसे विस्तृत,
प्रभु, मनु तेरी संयोजना, मन क्यूँ इतना विकृत।
अव्हेलना, प्रताड़ना, प्रेम का यहाँ स्थान कहाँ,
कदाचित् दूषित मन से, भाव का प्रस्थान कहाँ,
चंदन से लिपटे सर्पों में, भक्ति का भाव कहाँ,
सामर्थ्य, पुरुषार्थ, जीवन में इनके मोल कहाँ।
व्योम के शून्य से निकला जो अणु, वो मनु है,
शिला निष्प्राण, बिना एक सिद्धांत, वो मनु है,
व्याभिचारी, ईर्ष्यालु, प्रलयंकारी, वो मनु है,
सोम रस में डूबा, निष्ठुर, टूटा हुआ, वो मनु है,
बंदी नवरसों का, भोगी-दोषी स्वयं का, वो मनु है,
अस्तित्व के लिए लड़ता, हारा हुआ, वो मनु है,
स्वर्ण की चमक से अंधित, व्यथित, वो मनु है,
निराकार को जो दे आकार, भ्रष्ट, वो मनु है,
शालीनता का त्याग करे जो, मलिन, वो मनु है,
दम्भ भर रहा, व्यर्थ की जीत का जो, वो मनु है,
घर को मकान बना दे, कर विघटित, वो मनु है,
रक्त की जो पिपासा रखे, पापी, वो मनु है,
सूक्ष्म चमक को भी क्लांत जो कर दे, वो मनु है,
ज्ञान का जो तर्पण कर दे, घोर मूर्ख, वो मनु है,
आचरण करे विभत्स हो, दनुज, वो मनु है,
मानवता के सूर्य का अस्त करे जो, वो मनु है।
