“मैं नासमझ”


मैं नासमझ, 

आक़िल है दुनिया सारी,

हो चाहे बदलता वक़्त

या हो दुनिया बदलती

क़द्र ख़ुद की कभी ना जानी।


किसी ने किए थे वादे

जो जताये कुछ इरादे

साथ जीने मरने की

कुछ अनकही फ़रियादें,

उसने ना बुलाया मुझे

ना भुलाया मैंने उसे

बस दिल में था बिठाया उसे

और वो चल पड़ा

मुड़कर भी ना देखा मुझे

मैं नासमझ

आक़िल है दुनिया सारी।


ज़रूरी कोई बात हो

फिर मिलने के जज़्बात हो

वो पल जिये थे संग जो

उन्हें फिर जीने की अरदास हो,

या जाना हो फिर एक बार

उन्हीं अनज़ान राहों पर

एक शाम फिर जी लें अगर

ढलते सूरज को तक लें अगर

मेरी बातों से वो है बेख़बर

मैं नासमझ

आक़िल है दुनिया सारी।


दिल लगाया था

उन बदलते मौसमों में

ख़ाब बूना था हसीं

उन चमकती रातों में,

अब क्या भूल जायें

जफ़ा को गले लगायें

अश्क़ों से गीले तकिये पर

बंद पड़ी इन आँखों में 

अक़्स वो नज़र आये

मैं नासमझ

आक़िल है दुनिया सारी।


अब तुम ही कहो

गले मौत या ज़िंदगी हो

हक़ीक़त या फ़साना हो

उम्मीद या ढ़ह जाना हो

अब तुम ही कहो!

गुज़रते वक़्त की दवात से

तारीख़ कौन सी बुलंद हो

जिसमें मैं और वो

हाथों में हाथ लिए साथ हो

मैं नासमझ

आक़िल है दुनिया सारी।