“अलविदा”
कोशिशों के बाद, तेरा साथ मिला,
पल भर के लिए, एक ख़्वाब मिला।
एक दुनिया बनाने का वादा मिला था,
मेरी ख़्वाहिशों को किनारा मिला था,
पर तुम्हें यह मंज़ूर कहाँ था,
तुम्हें मुझसे आज़ाद जो होना था।
दरकिनार रख उस ज़माने को,
इश्क़ को संग तेरे अपना बनाने को,
मंज़र एक ख़ूबसूरत बनाने को,
आसमां में दूर तलक़ तक जाने को,
एक हौंसला मिला था,
जब मुझे तेरा साथ मिला था।
जो साँसे मेरी,
तेरी ज़िंदगी होती थी,
बंदगी मेरी,
तेरी ख़ुदाई होती थी,
दिल्लगी मेरी,
तेरी हंसी होती थी,
रुसवाई मेरी,
तेरी आँखों की नमी होती थी,
आज वही इश्क़
सैलाब बन उमड़ रहा,
मेरे जज़्बातों को
तेरे दिल का अज़ाब कर रहा,
और अब लगता है तुम्हें
मेरा साथ भी नागवार हो रहा,
कसक मेरे रोने की,
तुम पर असर कहाँ कर रहा,
तुम्हें मुझसे आज़ाद जो होना था।
तुम्हारे ख़्वाब और इरादे
कुछ और थे,
अमला वफ़ा का पहने,
जज़्बात कुछ और थे,
तुम तो कहते थे ना
कि मैं उन वादियों में चलूँ,
कहीं साथ लेकर तुम्हें,
तुम्हारे सपनों को पूरा करूँ,
पलकों पर बिठा कर तुम्हें,
अब क्या हुआ? मालूम कुछ नहीं,
प्याला था पर ज़ाम का नशा नहीं,
अब्र था पर इश्क़ की बारिश नहीं,
तू था, पर तेरी मोहब्बत का पता नहीं।
देखा है मैंने, छुप छुप कर,
ग़ैरों की महफ़िलें सजाते हुए,
उनके नग़मों पर इठलाते हुए,
उनकी आवाज़ पर,
बेक़रार कुछ होते हुए,
उनकी बातों को मान जाते हुए,
देखा है, मुझसे दूर तुम्हें होते हुए।
क्या याद है वो पहली मुलाक़ात,
धड़कता दिल, सीनें में लिए जज़्बात।
जज़्बात वो मेरी पहली मोहब्बत के थे,
तेरी आँखों के जादू से बुने हुए थे,
उन लंबी काली ज़ुल्फ़ों से,
कुछ उलझे से सजे हुए थे,
तेरी वो मुस्कुराहट लिए हुए थे,
और तेरी उस आवाज़ से
कुछ घायल भी थे, मेरे अल्फ़ाज़,
मेरे अल्फ़ाज़ तेरी ख़ूबसूरती लिए,
तेरी वो बेतुकी सी बातों को समेटे
मेरी क़लम के कुछ हरफ़ भी थे,
जिन्हें मैं रात भर जाग, उस चाँद तले,
तेरे लिए लिखता था, मेरे हालात,
मेरे हालात, अब बद्दतर हो रहे,
तुझे किसी और की मोहब्बत बनता देख,
बन दिल के अश्क़ हैं बह रहे,
कुछ ख़ून भी था इनमें, मेरे दिल का,
जो घायल उस परिंदे सा तड़प रहा था,
जिसकी ज़िंदगी,
शुरू और ख़त्म तुम्हीं से थी,
और अब तुम्हें वह दर्द कहाँ दिखेगा,
तुम्हें मुझसे आज़ाद जो होना था।
चलो चलता हूँ, तुम्हें अलविदा कहता हूँ,
और एक वादा यह करता हूँ,
और एक इरादा रखता हूँ,
कभी तुम्हें नज़र ना आऊँगा,
तेरी ज़िंदगी से दूर चला जाऊँगा,
तेरी बातों को भूल जाऊँगा,
उन यादों को दफ़्न कर आऊँगा,
जो वादे किए थे तुमने मुझसे,
अपने हाथों को मेरे हाथों पर रख,
उन्हें भी समंदर में बहा आऊँगा,
तुमसे कहीं इतना दूर चला जाऊँगा,
फिर लौट कभी ना आऊँगा,
हाँ, तेरी ख़ुशियों में
अपने ग़म भूल जाऊँगा,
यह वादा तुम्हें
आख़िरी तोहफ़े में दे जाऊँगा,
तेरी एक नई ज़िंदगी को
अपने ख़ात्मे का ज़रिया बना जाऊँगा,
उस बेवफ़ाई के गर्म ज़हर से,
मौत की ठंडी साँसों को ले जाऊँगा,
फिर लौट कर कभी ना आऊँगा,
क्योंकि!
तुम्हें मुझसे आज़ाद जो होना था,
तुम्हें मुझसे आज़ाद जो होना था।
