समतल मैदान सा समतल जीवन 

नहीं होता पहाड़ी स्त्री का,

वह रोज़ चढ़ जाती है ऊंची ऊंची ,

पहाड़ियों पर 

एक छोटी बकरी की तरह ,

वह नाप लेती हैं ऊंचाइयां 

पहाड़ की ! 

अक्सर वह भी इनके सामने 

बौना हो जाता है,

लकड़ी लाने जब जाती हैं जंगल 

डर भी इनके सामने रिरियाता है 

इन्हें अंधेरे का , बाघ का , प्रेत का...

डर भी नहीं सता पाता है 

पहाड़ की स्त्री ,

दर्द को भी धीरे धीरे सह जाती है 

यूँ ही नहीं कहा गया दुख का पहाड़ 

वह लगता है जैसे पहाड़ संग बतियाती है 

विरह के गीत अक्सर गाती है 

अपने प्रिय के मंगल के लिए 

अपनी संतान के भविष्य के लिए ...

रोज देवी माँ को मनाती है ,

अपनी गागर में रोज मीठे झरने से 

अमृत सा पानी लाती है ...

अपने भार से कई भारी सामान ,

बेहिचक उठाती है ....

चाहे कितनी भी तकलीफ़ आएं,

वह उनसे लड़ती हैं 

और जब उनके दुख को बांटने वाला

अपना पास नहीं होता ...

तो एक दूजे का सहारा बनती हैं

और ढांढस बंधाती है 

सीढ़ीदार खेतों में वक्त पड़े तो

हल भी चलाती हैं ,

मिट्टी के चूल्हे में धीमी आंच में ,

साग बनाते हुए बहुत खूबसूरत ,

नज़र आती है 

#कुसुम लखेड़ा 

सर्वाधिकार सुरक्षित