राख होने के पहले एक-आध बार मसान हो आना है । देख लेना है वो, जो माँए बच्चों से छुपाती हैं और सुन लेना है वो, जो यकसर दबी आवाज़ में बयाँ होता है । राख होने के पहले अपने कमरे के दरो-दीवार को दुनियाभर की किताबों से रंग देना है और मेरे ज़हन में ज़ब्त, तुम्हारी हर याद को निकाल फेंकना है । करने हैं कुछ गलियों के औचक दौरे जहाँ जाने की सदा से मनाही है, चंद सवाल पूछने हैं जैसे—"क्या इलाही है ?" और बस उतना है लिख लेना जितनी बच गयी अब स्याही है ।
