मैं और तुम ,तुम और मैं यानी हम दोनों एक दिन खो जायेंगे ठीक वैसे ,जैसे खो जाते हैं मेरे सारे सवाल और तुम्हारे सारे जवाब दो चार होने पर   जैसे खो गया पुराना बरगद ,कुआँ और आम वाली बगिया का मचान जैसे खो जाता है आकाश का प्रतिबिम्ब सुसुप्ति के बाद आलस्य और लोगों का वज़ूद अपनी जड़ें भुला देने पर   ठीक वैसे ,जैसे खो जाते हैं हमारे सपने ,टूटे हुए तारे और सतरंगी इंद्रधनुष   जैसे खो गए कई जहाज़ बरमूडा ट्राएंगल में जैसे खो जाती हैं बच्चों के बॉक्स से पेंसिलें और मेरी कई नज़्में मकानों की अदला - बदली में   ठीक एेसे ही , किसी दिन खो जायेंगे हम खोना ही है हमारी नियती खोना ही है हमारा धम्म