जब से मालूम पड़ा आईना का किरदार

समतल है, चेहरा तो इंसानों का खुरदुरा है।


तब से, जब भी आईना देखता हूँ एक मासूम

सी खुशी आ जाती है कि कैसे माँ ने मेरे

खुरदुरे चेहरे पर काला टीका लगा कर,

खुरदुरेपन को भरने की कोशिश की होगी।


आज माँ की पथराई आंखों में 

मुझे वही खुरदुरा गड्ढा दिखाई देता है

मैं उन गड्ढों को भरने के बजाय,

भर रहा हूँ एक कोरा काग़ज़ कविता लिखकर।


माँ को किसी कविता की जरूरत नहीं

उसे जरूरत होती है कविता की किरदार की,

एक ऐसा किरदार जिसे कहीं दिखे सड़कों पर गड्ढे

तो इस अराजकता के ख़िलाफ़ कोई कविता न लिखे

उस गड्ढे को मिट्टी से भर दें,

माँ की आंखों की खुरदुरा गड्ढा समझकर।


― Kundan Choudhary