दुःख हमारे जीवन में
नौसिखिया बच्चे की तरह आता है
ताउम्र हमारे साथ-साथ यात्रा करता रहता है।
जन्म लेने पर दुःख
बचपना के रूप में आता है।
जवान होने पर दुःख
संघर्ष के रूप में आता है।
वृद्ध होने पर
दुःख लेटा हुआ होता है,
हमारे बग़ल में
हमारी उदास प्रियतमा के रूप में।
हम सहेजे हुए थे सांसारिक दुःख
धरती पर,
दुःख उछलता हुआ जा पहुँचा
चाँद पर।
हमने ये सुना था कि दुःख बाँटा जाता है
मैं तुम्हारे दुःख को
गोद में लेकर चूमता हूँ।
पर मुझे ये पता है कि
जो मेरा दुःख है
वही प्यारा है, वही नटखट है।
प्रतिदिन दुःख बढ़ता जाता है
हमारे शरीर में।
हम नाखून की तरह उसे काट कर
अलग नहीं कर सकते।
हम दुःख को बैठा लेते है
अपने मस्तिष्क में।
जबकि दुःख को हमें शिशु के रूप में
दिल में बिठा कर
सुख की तरह दुलार करना चाहिए।

