तुम जो चलतीं मेरे संग बन राधिके
मैं भी ख़ुद को बना लेता घनश्याम सा
मेरी आँखों का प्रस्ताव अगर मानतीं
सारा माहौल हो जाता बृजधाम सा
तुम जो चलतीं..
तू सहारा मेरा मैं सहारा तेरा
नाम लब से हमेशा पुकारा तेरा
आइना वक़्त का देख लेतीं अगर
था मोहब्बत से पूरित नज़ारा तेरा
आज जाकर बसी उस जहाँ में मगर
प्यार अब भी मैं करता हूँ अविराम सा
तुम जो चलतीं..
वक़्त जो भी गुज़ारा था संग में तेरे
वो छवि आज भी मेरी आँखों में है
बाग़ में फूल सारे हैं मुरझा चले
कोंपलें तक खफ़ा अपनी शाखों से हैं
जब से जीवन को तुमने कहा अलविदा
मेरा जीवन बना एक संग्राम सा
तुम जो चलतीं..
तुम जो चलतीं मेरे संग बन राधिके
मैं भी ख़ुद को बना लेता घनश्याम सा
मेरी आँखों का प्रस्ताव अगर मानतीं
सारा माहौल हो जाता बृजधाम सा
तुम जो चलतीं..